मिडटर्म चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी की हार पर ट्रंप बोले- अमेरिका को लगा बड़ा झटका
अमेरिका में मिडटर्म चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी की हार के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नाराजगी जताई है। उन्होंने चुनावी नतीजों को देश के इतिहास में बड़ा राजनीतिक झटका बताया।
अमेरिका में मिडटर्म चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी की हार के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नाराजगी जताई है। उन्होंने चुनावी नतीजों को देश के इतिहास में बड़ा राजनीतिक झटका बताया। साथ ही शेयर बाजार में आई भारी गिरावट के लिए भी चुनाव परिणामों को जिम्मेदार ठहराया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार (8 नवंबर, 2026) को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर एक पोस्ट साझा किया। इसमें उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में तेजी से आगे बढ़ रहा शेयर बाजार चुनाव के बाद एक ही दिन में 3 ट्रिलियन डॉलर का नुकसान झेल गया।
ट्रंप ने अपनी पोस्ट में लिखा, "चुनाव के नतीजों के साथ अमेरिका ने इतिहास में एक बहुत बड़ा कदम पीछे की ओर बढ़ाया है। शेयर बाजार, जो मेरे नेतृत्व में रॉकेट की तरह ऊपर जा रहा था, उसे एक ही दिन में 3 ट्रिलियन डॉलर का नुकसान हुआ। हालांकि, चिंता की कोई बात नहीं है। हम पहले से कहीं ज्यादा बड़े और मजबूत होकर वापसी करेंगे।"
चुनावी हार से ट्रंप को बड़ा झटका
दरअसल, 3 नवंबर को हुए मध्यावधि चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतिनिधि सभा और सीनेट, दोनों में बढ़त हासिल की। इस नतीजे से रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा राजनीतिक नुकसान हुआ है। चुनाव प्रचार के दौरान ट्रंप ने रिपब्लिकन उम्मीदवारों के समर्थन में जमकर रैलियां की थीं। उन्होंने मतदाताओं से इन चुनावों को अपने राष्ट्रपति कार्यकाल पर जनमत संग्रह के तौर पर देखने की अपील भी की थी। ऐसे में चुनावी नतीजों को ट्रंप के नेतृत्व और उनकी राजनीतिक छवि के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। हालांकि, ट्रंप ने हार के बावजूद मजबूत वापसी का भरोसा जताया है।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






