ईरान पर फिर हमले की मांग के बीच अमेरिका पहुंचे मोसाद चीफ, ट्रंप बोले- नहीं हिचकेंगे
नेतन्याहू के ईरान पर दोबारा हमले के दबाव के बीच मोसाद प्रमुख रोमन गोफमैन वॉशिंगटन पहुंचे हैं। ट्रंप ने कहा कि वे दोबारा हमले से नहीं हिचकेंगे, लेकिन अभी यथास्थिति के पक्ष में हैं।
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के प्रति एक बार फिर कड़ा रुख अपनाया है। ट्रंप ने कहा है कि, वे ईरान पर दोबारा हमला करने से नहीं हिचकिचाएंगे। ट्रंप का ये बयान ऐसे समय आया है, जब इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ईरान के खिलाफ फिर से सैन्य कार्रवाई के लिए ट्रंप पर भारी दबाव बना रहे हैं। इसी बीच मोसाद प्रमुख रोमन गोफमैन अचानक वॉशिंगटन पहुंच गए हैं।
सीआईए प्रमुख और विटकॉफ से मुलाकात
अमेरिकी समाचार वेबसाइट 'एक्सियोस' की रिपोर्ट के मुताबिक, गोफमैन शुक्रवार को वॉशिंगटन पहुंचे। वे सीआईए निदेशक जॉन रैटक्लिफ से मुलाकात करेंगे और व्हाइट हाउस के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ से बातचीत के लिए मियामी भी जाएंगे।
यह घटनाक्रम तब सामने आया, जब गुरुवार को नेतन्याहू के कार्यालय ने उन खबरों का खंडन किया, जिनमें ईरान के खिलाफ युद्ध दोबारा शुरू करने को लेकर दोनों नेताओं के बीच तीखी बातचीत का दावा किया गया था। कार्यालय ने इन्हें फर्जी खबर और पूरी तरह बकवास बताया था।
तीखी बहस का दावा
इजरायली मीडिया Ynet की रिपोर्ट के अनुसार, दोनों नेताओं के बीच हालिया फोन कॉल बेहद तनावपूर्ण रही, जिसे सूत्रों ने शाउटिंग मैच फ्रॉम हेल कहा। हालांकि, वरिष्ठ इजरायली अधिकारियों ने फोन कॉल होने की पुष्टि जरूर की है।
हर दिन फोन कर रहे नेतन्याहू
फाइनेंशियल टाइम्स के मुताबिक, नेतन्याहू तेहरान पर हवाई हमले फिर शुरू करने की मांग को लेकर ट्रंप को हर दिन फोन कर रहे हैं, लेकिन ट्रंप यथास्थिति पर कायम हैं। फरवरी में इजरायल के साथ मिलकर ईरान पर मिसाइल हमले शुरू करने वाले ट्रंप ने मिडटर्म चुनावों के बाद अपना रुख नरम किया है। कतर के प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद उन्होंने संकेत दिए कि आर्थिक दबाव के जरिए ईरान को वार्ता की मेज पर लाना काफी है।
नेतन्याहू का रुख सख्त
नेतन्याहू किसी समझौते के मूड में नहीं दिख रहे। नेसेट के उद्घाटन पर उन्होंने कहा कि, ईरान से पैदा अस्तित्व के खतरे को हमेशा के लिए खत्म करने का एक ही रास्ता है, अयातुल्लाह के शासन को उखाड़ फेंकना।
यह कूटनीतिक खींचतान ऐसे समय में हो रही है, जब दोनों नेता घरेलू मोर्चे पर दबाव में हैं। नेतन्याहू की लिकुड नीत गठबंधन 120 सीटों वाली नेसेट में सिर्फ 53 सीटों पर अटका है, जो 61 के बहुमत से दूर है। वहीं ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी मिडटर्म चुनावों में कांग्रेस का नियंत्रण गंवा चुकी है।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






