Bihar: रोज शराब पीकर करता था मारपीट, घरेलू हिंसा से परेशान पत्नी पर पति की हत्या का आरोप
Bihar: बिहार के मधेपुरा में पत्नी पर शराबी पति की करंट लगाकर हत्या करने का आरोप लगा है. पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
Bihar: बिहार के मधेपुरा जिले में एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है. यहां पत्नी पर अपने पति की करंट लगाकर हत्या करने का आरोप लगा है. पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पत्नी गुंजन कुमारी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
शराब की लत और मारपीट से परेशान थी पत्नी
यह मामला बिहारीगंज थाना क्षेत्र की सरौनी कला पंचायत के वार्ड-9 का है. मृतक की पहचान नंदकिशोर मुखिया (26) के रूप में हुई है. पुलिस पूछताछ में गुंजन ने बताया कि उसका पति शराब पीने का आदी था और अक्सर नशे में घर लौटकर उसके साथ मारपीट तथा दुर्व्यवहार करता था. इससे परेशान होकर उसने पति की हत्या की साजिश रची.
करंट लगाकर की हत्या
पुलिस के मुताबिक रात नंदकिशोर शराब पीकर मेला देखने गया था. रात करीब एक बजे घर लौटने के बाद वह दरवाजे पर अपने पिता के पास सो गया।.तड़के करीब तीन बजे पत्नी उसे जगाकर घर के अंदर ले गई. आरोप है कि इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ और नंदकिशोर के बेहोश होने पर गुंजन ने उसे बिजली का करंट लगा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.
हत्या के बाद घटना को सामान्य मौत दिखाने के लिए आरोपी ने शव को घर के दरवाजे पर रख दिया। बुधवार सुबह शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई.
हाथ और गले पर मिले निशान
सूचना पर पहुंची पुलिस को घटनास्थल से जला हुआ तांबे का तार मिला. मृतक के हाथ और गले पर भी जलने के निशान थे. इसके बाद फॉरेंसिक टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए. एसडीपीओ पवन कुमार सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. मृतक के पिता ठाकुर मुखिया के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है नंदकिशोर पांच भाइयों में सबसे छोटा था.उसके पांच साल की बेटी और तीन साल का बेटा है. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है.
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






