यूपी में बेसिक शिक्षा निदेशक पर FIR, कर्मचारी की सर्विस बुक में बैकडेट एंट्री का मामला पहुंचा कोर्ट तक
उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा निदेशक अनिल भूषण चतुर्वेदी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। न्यायालय के आदेश पर उनके और वरिष्ठ सहायक इष्टदेव उपाध्याय के खिलाफ प्रयागराज के कर्नलगंज थाने में नामजद एफआईआर दर्ज की गई है।
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा निदेशक अनिल भूषण चतुर्वेदी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। न्यायालय के आदेश पर उनके और वरिष्ठ सहायक इष्टदेव उपाध्याय के खिलाफ प्रयागराज के कर्नलगंज थाने में नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। दोनों पर एक कर्मचारी की सर्विस बुक में कथित तौर पर हेरफेर कर पिछली तारीख से प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज करने का आरोप है। मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हलचल मच गई है।
शिकायतकर्ता शशि कुमार यादव के मुताबिक, वह वर्ष 1995 से 2022 तक परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय में कार्यरत रहे। उनका आरोप है कि मार्च 2021 में चिकित्सकीय अवकाश पर रहने के दौरान उनकी सर्विस बुक में 31 मार्च 2021 की तारीख से प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज कर दी गई, जबकि उस समय उनके खिलाफ कोई विभागीय कार्रवाई नहीं चल रही थी।
शिकायत के अनुसार, शशि कुमार यादव 1 मार्च से 31 मार्च 2021 तक मेडिकल लीव पर थे। उनके इस अवकाश को सक्षम अधिकारी ने 27 जुलाई 2021 को वेतन सहित मंजूरी दी थी। इसके बावजूद सर्विस बुक में 31 मार्च की तारीख से प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज होने का मामला सामने आया।
जून से जुलाई के बीच सर्विस बुक में हेरफेर का आरोप
शिकायतकर्ता का कहना है कि 24 जून 2021 को तत्कालीन प्रबंध सहायक से उनकी मूल सर्विस बुक और व्यक्तिगत फाइल लेकर वरिष्ठ सहायक इष्टदेव उपाध्याय ने अपने पास रख ली थी। हालांकि, कार्यालय आदेश के मुताबिक उस समय इष्टदेव उपाध्याय क्रय-विक्रय अनुभाग के प्रभारी थे और उनका प्रबंध अनुभाग से कोई संबंध नहीं था।
शशि कुमार यादव का दावा है कि 24 जून को जब सर्विस बुक मंगाई गई थी, तब उसमें कोई प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज नहीं थी। लेकिन जुलाई में जब सर्विस बुक और व्यक्तिगत फाइल प्रबंध अनुभाग में वापस पहुंची तो उसमें 31 मार्च 2021 की तारीख से प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज मिली। उन्होंने जून से जुलाई के बीच सर्विस बुक में हेरफेर किए जाने का आरोप लगाया है।
आरटीआई से मिली जानकारी का भी दिया हवाला
शिकायतकर्ता के अनुसार, आरटीआई के जरिए मिली जानकारी में पता चला कि प्रतिकूल प्रविष्टि से संबंधित आदेश 9 जुलाई 2021 को भेजा गया था, जबकि उसमें 31 मार्च 2021 की तारीख दर्ज थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 15 जून 2021 को शासनादेश के तहत अनिल भूषण चतुर्वेदी का तबादला हो गया था, लेकिन उन्होंने 29 जून को अपना कार्यभार सौंपा।
शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि कार्यालय के कई कर्मचारियों ने लिखित बयान देकर उनके साथ उत्पीड़न और सर्विस बुक में कथित हेरफेर की जानकारी दी है।
निदेशक ने आरोपों को बताया निराधार
कर्नलगंज थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर मिश्रा के मुताबिक, न्यायालय के आदेश पर एफआईआर दर्ज की गई है। मामले में संबंधित दस्तावेजों और कर्मचारियों के बयानों की जांच की जाएगी।
वहीं, बेसिक शिक्षा निदेशक अनिल भूषण चतुर्वेदी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि कर्मचारी को प्रतिकूल प्रविष्टि देने की कार्रवाई नियमानुसार की गई थी और इसमें किसी तरह की कूटरचना नहीं हुई है।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






