Karma Returns: गिरफ्तारी के बाद फिर चर्चा में पप्पू गिरधारी; 45 साल पुराने मुकदमे से 800 करोड़ की टाउनशिप तक, विवादों की पूरी फेहरिस्त
बरेली के जोगीनवादा से शुरू हुआ गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी का सफर अब उत्तराखंड की सत्ता, रियल एस्टेट कारोबार और पुराने आपराधिक मुकदमों की चर्चा के बीच आ गया है। पत्नी और उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या की शिकायत पर गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया पर ‘Karma Returns’ की बहस तेज है।
बरेली के जोगीनवादा से शुरू हुआ गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी का सफर अब उत्तराखंड की सत्ता, रियल एस्टेट कारोबार और पुराने आपराधिक मुकदमों की चर्चा के बीच आ गया है। पत्नी और उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या की शिकायत पर गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया पर ‘Karma Returns’ की बहस तेज है। बरेली में दर्ज 39 मुकदमे, 1990 का जैन दंपती हत्याकांड, जमीन के सौदों से जुड़े आरोप, पूर्व मैनेजर का विवाद, फार्म हाउस, कंपनी की हिस्सेदारी और ओमेक्स टाउनशिप। आखिर कौन हैं पप्पू गिरधारी और क्या है उनका अब तक का सार्वजनिक रिकॉर्ड?
विशेष रिपोर्ट | बरेली/देहरादून
किसी व्यक्ति की गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया पर उसके खिलाफ टिप्पणियों की बाढ़ आ जाना नई बात नहीं है। लेकिन गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी के मामले में यह प्रतिक्रिया केवल एक गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। इसके पीछे वर्षों पुराने मुकदमों, कारोबारी गतिविधियों, राजनीतिक संपर्कों, संपत्ति से जुड़े विवादों और अब अपने ही परिवार के भीतर सामने आए गंभीर आरोपों की लंबी पृष्ठभूमि है।
उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या की शिकायत पर पप्पू गिरधारी की गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया पर एक शब्द बार-बार दिखाई दे रहा है- ‘Karma Returns’। इस बहस को राजनीतिक संदर्भ भी मिला। उत्तराखंड में कांग्रेस रेखा आर्या पर हमलावर हुई। दूसरे लोगों ने भी इस मामले में तरह-तरह के कमेंट किए। लेकिन इस पूरे प्रकरण को केवल राजनीतिक कटाक्ष या सोशल मीडिया के फैसले तक सीमित करना ठीक नहीं होगा। सवाल यह है कि पप्पू गिरधारी का सार्वजनिक रिकॉर्ड क्या कहता है? उनके खिलाफ कितने मुकदमे दर्ज हुए? कौन-से मामले अदालतों में पहुंचे? किन आरोपों में पुलिस ने कार्रवाई की और किन मामलों में आरोप साबित नहीं हुए? उनके कारोबार और संपत्तियों को लेकर क्या जानकारियां सार्वजनिक हुईं?
पुलिस रिकॉर्ड पर आधारित विवरण और अदालत से जुड़े घटनाक्रमों को जोड़ने पर एक ऐसी कहानी सामने आती है, जिसके कई अध्याय अभी भी जांच और न्यायिक प्रक्रिया के अधीन हैं।
1. जोगीनवादा से शुरू हुआ सफर, प्रॉपर्टी कारोबार में बनाई पहचान
गिरधारी लाल साहू का नाम बरेली के जोगीनवादा क्षेत्र से जुड़ा रहा है। उनका मुख्य कारोबार प्रॉपर्टी डीलिंग और रियल एस्टेट रहा है। समय के साथ वह बरेली में बड़े कॉलोनाइजर और कारोबारी के रूप में पहचाने जाने लगे।
उनके कारोबार का एक महत्वपूर्ण हिस्सा कंपनियों के माध्यम से जमीन और रियल एस्टेट परियोजनाओं से जुड़ा बताया जाता है। कृष्णा-वैष्णवी इंफ्रा डेवलपर्स का नाम भी इस संदर्भ में सामने आया है। कंपनी के निदेशक पदों पर उनकी पत्नी रेखा आर्या और भतीजे सत्येंद्र राठौर के नाम होने की जानकारी प्रकाशित हुई है।
यहीं से कहानी में एक महत्वपूर्ण मोड़ आता है। रेखा आर्या ने आरोप लगाया कि उनके फर्जी हस्ताक्षरों और दस्तावेजों के आधार पर उन्हें चार कंपनियों के निदेशक पदों से हटा दिया गया। पुलिस की जांच में सत्येंद्र राठौर को इन बदलावों से लाभान्वित होने वाला व्यक्ति बताया गया। यह आरोप है, जिसकी सत्यता जांच और अदालत की प्रक्रिया से तय होगी।
2. 1981 से शुरू हुआ मुकदमों का सिलसिला
पप्पू गिरधारी का आपराधिक रिकॉर्ड इस पूरे प्रकरण का सबसे गंभीर हिस्सा है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उनके खिलाफ पहला मामला 18 जून 1981 को बारादरी थाने में मारपीट और बलवे के आरोपों में दर्ज हुआ था। रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले में वह बाद में दोषमुक्त हो गए थे। इसके बाद 1990, 1993 और 1995 में भी हत्या, बलवा और जानलेवा हमले जैसे गंभीर आरोपों से जुड़े मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई। बरेली के बारादरी और इज्जतनगर थानों में उनके खिलाफ कुल 39 मामले दर्ज हैं। रिपोर्टों में दर्ज मामलों की प्रकृति में हत्या, बलवा, मारपीट, जानलेवा हमला, धोखाधड़ी, फर्जीवाड़ा और अन्य आरोप शामिल बताए गए हैं।
हिस्ट्रीशीट खुली, गैंगस्टर और गुंडा एक्ट में भी कार्रवाई
• वर्ष 1986 और 2007 में गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई हुई।
• वर्ष 1993, 1996 और 2007 में गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई का उल्लेख है।
• वर्ष 1999 में बारादरी थाने में उनकी हिस्ट्रीशीट खोली गई थी।
• वर्ष 2014 से हिस्ट्रीशीट की निगरानी बंद किए जाने की जानकारी भी मिली है। बताया जा रहा है कि दर्ज मुकदमों में से कई में वह दोषमुक्त हो चुके हैं।
3. 1990 का जैन दंपती हत्याकांड: 35 साल बाद भी अदालत में मामला
पप्पू गिरधारी के नाम से जुड़ा सबसे चर्चित पुराना मामला बरेली का जैन दंपती हत्याकांड है। 11 जून 1990 को बरेली के सिविल लाइंस क्षेत्र में लकड़ी कारोबारी नरेश जैन और उनकी पत्नी पुष्पा जैन की हत्या कर दी गई थी। घटना के दौरान परिवार की बेटियों के घायल होने की बात भी सामने आई थी। इस मामले में पप्पू गिरधारी समेत कई लोगों को आरोपी बनाया गया था। यह मामला इसलिए भी चर्चा में रहा क्योंकि इसकी सुनवाई के दौरान अदालत से मुकदमे की मूल पत्रावली गायब हो गई।
वर्ष 2013 में विशेष बक्से और डबल लॉकर में रखी गई केस की फाइल नहीं मिली। इसके बाद जिला जज के आदेश पर पत्रावली दोबारा तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हुई। इस मामले में 33 लोगों की गवाही हो चुकी थी। वादी पक्ष ने गवाहियों और दूसरे उपलब्ध दस्तावेजों की प्रमाणित प्रतियां फिर से अदालत में जमा कराईं। इस मुकदमे में छह आरोपियों के जीवित होने की जानकारी भी सामने आई थी।
पप्पू गिरधारी ने ट्रायल कोर्ट की कार्यवाही से संबंधित आदेश को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। नवंबर की शुरुआत तक मामले की सुनवाई जारी थी।
4. उत्तराखंड में जमीन के सौदों को लेकर पांच मुकदमे
पप्पू गिरधारी का नाम केवल बरेली के मुकदमों तक सीमित नहीं रहा।
वर्ष 2017 में उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में जमीन के लेनदेन में कथित अनियमितताओं को लेकर उनके खिलाफ पांच अलग-अलग मामले दर्ज किए गए थे। कुछ खरीदारों ने आरोप लगाया था कि पूरी रकम देने के बाद भी उन्हें जमीन पर कब्जा नहीं मिला।
पूर्व कर्मचारी ने लगाया था किडनी के लिए रिश्वत देने का आरोप
एक पूर्व कर्मचारी नरेश गंगवार ने दावा किया था कि किडनी ट्रांसप्लांट के बदले उन्हें पैसे देने की पेशकश की गई थी। हालांकि, इस आरोप को लेकर कोई औपचारिक एफआईआर दर्ज नहीं हुई थी।
5. पूर्व मैनेजर कल्पना का विवाद: दो एफआईआर और सामने आए ऑडियो
पप्पू गिरधारी और रेखा आर्या के बीच विवाद सार्वजनिक होने से पहले ही एक पूर्व मैनेजर कल्पना से जुड़ा मामला सामने आ चुका था।
इस विवाद की शुरुआत वर्ष 2024 में हुई थी। 9 सितंबर 2024 को रेखा आर्या ने बरेली के बारादरी थाने में अपनी पूर्व मैनेजर कल्पना के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप था कि कल्पना उनके नाम और पहचान का दुरुपयोग कर रही हैं। उन पर बरेली स्थित आवास से रुपये और सोने की माला चोरी करने तथा वसूली करने जैसे आरोप भी लगाए गए थे।
इसके बाद जून 2026 में बहेड़ी थाने में गिरधारी लाल साहू की ओर से कल्पना के खिलाफ दूसरी एफआईआर दर्ज कराई गई। इसमें आरोप लगाया गया कि पूर्व मैनेजर कंपनी के गोपनीय दस्तावेज अपने पास रखकर उन्हें सार्वजनिक करने की धमकी दे रही थीं और 20 लाख रुपये की रंगदारी मांग रही थीं। पुलिस ने 20 जून को कल्पना को गिरफ्तार किया था। बाद में उन्हें दोनों मामलों में जमानत मिल गई। गिरफ्तारी से पहले और उसके बाद यह मामला काफी चर्चा में रहा।
ऑडियो में क्या था?
अक्तूबर 2026 में रेखा आर्या ने सोशल मीडिया पर कुछ ऑडियो क्लिप सार्वजनिक किए। इन ऑडियो को लेकर दावा किया गया कि इनमें पप्पू गिरधारी और एक महिला के बीच बातचीत है। बातचीत में कथित तौर पर जेल जाने और दो-तीन दिन में जमानत हो जाने जैसी बातें थीं। वीडियो में तमाम दूसरी बातें भी थीं, जिसके बाद रेखा आर्या और पप्पू के बीच विवाद गहरा गया। यह ऑडियो नेशनल मीडिया की सुर्खी बना। यहीं से पप्पू की घेराबंदी शुरू हो गई।
पांच एकड़ का फार्म हाउस और कंपनी के निदेशक पद का विवाद
बरेली-सीतापुर हाईवे के पास लालपुर क्षेत्र में बना एक आलीशान फार्म हाउस भी इस विवाद के बाद चर्चा में आया। यह परिसर करीब पांच एकड़ क्षेत्र में फैला है। इसमें तीन मंजिला निर्माण, स्विमिंग पूल, मंदिर और अन्य सुविधाओं का उल्लेख किया गया है।
बीडीए से जुड़े विवरणों के अनुसार, फार्म हाउस का स्वीकृत मानचित्र नहीं था। इसे नियमित कराने के लिए वर्ष 2024 में कंपाउंडिंग का आवेदन किया गया था, लेकिन प्रक्रिया पूरी नहीं हुई। बाद में नए नियमों के तहत दोबारा आवेदन किए जाने की जानकारी भी सामने आई। इस संपत्ति से जुड़ी कंपनियों में रेखा आर्या और पप्पू गिरधारी के भतीजे सत्येंद्र राठौर के नाम निदेशक के रूप में सामने आए।
रेखा आर्या ने क्या आरोप लगाया?
रेखा आर्या ने एफआईआर में आरोप लगाया कि उनके हस्ताक्षरों का दुरुपयोग कर उन्हें चार कंपनियों के निदेशक पदों से हटा दिया गया। उनकी जानकारी और सहमति के बिना दस्तावेज तैयार किए गए और बाद में सत्येंद्र राठौर को निदेशक बनाया गया।
दूसरी ओर, पप्पू गिरधारी ने सोशल मीडिया पर जारी अपने वीडियो में रेखा आर्या पर पलटवार किया। उन्होंने दावा किया कि रेखा आर्या के पास कंपनी में 110 करोड़ रुपये के शेयर थे और उन्होंने स्वयं कंपनी से दूरी बनाई थी।
उन्होंने रेखा आर्या पर 210 करोड़ रुपये की संपत्ति जुटाने का आरोप भी लगाया और मुख्यमंत्री से जांच कराने की मांग की।
7. 800 करोड़ की ओमेक्स टाउनशिप में 1.848 एकड़ हिस्सेदारी
बरेली में प्रस्तावित ओमेक्स टाउनशिप का मामला भी अब पप्पू गिरधारी के कारोबारी रिकॉर्ड के साथ जुड़ गया है। लालपुर-अधलाखिया क्षेत्र में करीब 71.78 एकड़ में 799 करोड़ रुपये की लागत से टाउनशिप विकसित करने का प्रस्ताव है। बीडीए में जमा डीपीआर के अनुसार, नौ साझेदारों के नाम पर करीब 49.11 एकड़ जमीन का स्वामित्व दर्ज है। इसमें गिरधारी लाल साहू के नाम पर 1.848 एकड़ जमीन दर्ज बताई गई है। 15 अक्तूबर 2026 को बीडीए की बोर्ड बैठक में परियोजना का प्रस्ताव पास हो गया। इसके बाद शासन की अनुमति, भूमि उपयोग परिवर्तन और मानचित्र से जुड़ी प्रक्रियाएं पूरी होनी हैं।
8. राजनीतिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों में भी सक्रियता
पप्पू गिरधारी की सार्वजनिक छवि का एक दूसरा पक्ष भी है। बरेली में वह राजनीतिक कार्यक्रमों और सामाजिक आयोजनों में दिखाई देते रहे हैं। वह भाजपा से जुड़े नेता के रूप में पहचाने जाते हैं और सार्वजनिक आयोजनों में उनकी उपस्थिति रहती है।
9. रेखा आर्या की एफआईआर: परिवार के भीतर आरोपों का विस्फोट
15 अक्तूबर 2026 को उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने देहरादून के कैंट थाने में अपने पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। यह मामला सार्वजनिक होते ही राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आ गया। रेखा आर्या ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि 6 जुलाई 2004 को विवाह के समय पप्पू गिरधारी ने अपनी पहली शादी और बच्चों की जानकारी उनसे छिपाई थी।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बाद में उन्हें शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना दी गई, जातिसूचक शब्द कहे गए और जान से मारने की धमकी दी गई। एफआईआर में कंपनी के निदेशक पद से हटाने के लिए कथित फर्जी दस्तावेज तैयार करने और एक ऑडियो रिकॉर्डिंग के जरिए हत्या की साजिश का आरोप भी लगाया गया। पुलिस ने इन आरोपों की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया।
पप्पू गिरधारी का जवाब
पप्पू गिरधारी ने इन आरोपों को खारिज किया। उन्होंने एक वीडियो जारी कर रेखा आर्या से शिकायत वापस लेने की अपील की। उन्होंने ऑडियो रिकॉर्डिंग को एआई से तैयार किया गया बताते हुए उसकी प्रामाणिकता पर सवाल उठाए। उन्होंने रेखा आर्या पर भी गंभीर आरोप लगाए और उनकी संपत्ति की जांच की मांग की।
10. गिरफ्तारी से पहले नोटिस, हाईकोर्ट से राहत नहीं
एसआईटी ने पप्पू गिरधारी को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस जारी किए। शामिल न होने पर पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी।
4 नवंबर 2026 को उत्तराखंड हाईकोर्ट ने पप्पू गिरधारी की एफआईआर निरस्त करने और गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग वाली याचिका खारिज कर दी। अदालत ने कहा कि शिकायत में लगाए गए आरोप केवल सामान्य वैवाहिक विवाद तक सीमित नहीं हैं। इसमें शारीरिक प्रताड़ना, दस्तावेजों की कूटरचना, जातिसूचक अपमान और हत्या की साजिश जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि ऑडियो रिकॉर्डिंग और दस्तावेजों की सत्यता जांच का विषय है। इसके बाद 7 नवंबर 2026 को उत्तराखंड पुलिस की एसआईटी ने पप्पू गिरधारी को झांसी से गिरफ्तार कर लिया।
‘Karma Returns’ की बहस: सोशल मीडिया का फैसला या राजनीतिक संदेश?
अब सवाल उस बहस का, जिसने इस पूरे मामले को एक अलग मोड़ दे दिया है। रेखा आर्या के पति की गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोग ‘कर्मा रिटर्न’ लिख रहे हैं। इस प्रतिक्रिया के पीछे केवल वैवाहिक विवाद नहीं, बल्कि उत्तराखंड की राजनीति में महिलाओं के अधिकार, अंकिता भंडारी प्रकरण और राजनीतिक नेताओं के पुराने बयानों को लेकर उठे सवाल भी हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने रेखा आर्या के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि इसे कर्मा रिटर्न की तरह देखा जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि महिला सशक्तीकरण और बाल विकास विभाग की जिम्मेदारी संभालने वाली मंत्री ने पहले दूसरे मामलों में पीड़ित महिलाओं के पक्ष में कितना मुखर रुख अपनाया था।
सोशल मीडिया पर चल रही बहस में एक पक्ष इसे राजनीतिक और नैतिक जवाबदेही का मामला बता रहा है, जबकि दूसरा पक्ष कह रहा है कि किसी महिला के साथ कथित उत्पीड़न को उसके राजनीतिक बयानों से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।
पप्पू गिरधारी का अब तक का सार्वजनिक रिकॉर्ड: एक नजर में
वर्ष/समय सार्वजनिक रिकॉर्ड में सामने आई बात
1981 बारादरी थाने में मारपीट और बलवे का पहला मामला दर्ज होने की रिपोर्ट
1986 गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई का उल्लेख
1990 जैन दंपती हत्याकांड में आरोपी बनाए गए
1993 हत्या से संबंधित एक अन्य मामले और गुंडा एक्ट कार्रवाई का उल्लेख
1996 गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई का उल्लेख
1999 बारादरी थाने में हिस्ट्रीशीट खोली गई
2007 गैंगस्टर और गुंडा एक्ट की कार्रवाई का उल्लेख
2014 हिस्ट्रीशीट की निगरानी बंद किए जाने की रिपोर्ट
2017 ऊधमसिंह नगर में जमीन के लेनदेन से जुड़े पांच मामले दर्ज होने की रिपोर्ट
2024 रेखा आर्या की ओर से पूर्व मैनेजर के खिलाफ शिकायत
जून 2026 पूर्व मैनेजर के खिलाफ पप्पू गिरधारी की ओर से रंगदारी की एफआईआर
अक्तूबर 2026 रेखा आर्या की ओर से पति के खिलाफ एफआईआर
4 नवंबर 2026 हाईकोर्ट ने एफआईआर रद्द करने और गिरफ्तारी पर रोक की याचिका खारिज की
7 नवंबर 2026 झांसी से एसआईटी द्वारा गिरफ्तारी
असली जवाब सोशल मीडिया नहीं, अदालत और जांच देगी
पप्पू गिरधारी का सार्वजनिक रिकॉर्ड कई सवाल खड़े करता है। 1981 से दर्ज मुकदमों का सिलसिला, जैन दंपती हत्याकांड का लंबित मामला, जमीन के कारोबार से जुड़े विवाद, पूर्व मैनेजर प्रकरण, फार्म हाउस और कंपनियों के निदेशक पदों को लेकर उठे सवाल, ये सभी घटनाएं उनके सार्वजनिक जीवन की जांच-पड़ताल का आधार बनती हैं। अब रेखा आर्या की एफआईआर और गिरफ्तारी ने इस पूरे रिकॉर्ड को फिर से सुर्खियों में ला दिया है।
लेकिन इस कहानी का अंतिम अध्याय अभी लिखा नहीं गया है। जैन दंपती हत्याकांड का फैसला आना बाकी है। जमीन से जुड़े पुराने मामलों की स्थिति स्पष्ट होनी बाकी है। कंपनी के दस्तावेजों की जांच होनी है। रेखा आर्या की शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि या खंडन जांच और अदालत से होना है।
‘Karma Returns’ किसी के पक्ष या विपक्ष में जनता की प्रतिक्रिया जरूर बताता है, लेकिन कानूनी फैसला नहीं है। इस पूरे मामले का सबसे बड़ा सवाल यही है-क्या वर्षों से विवादों में घिरे रहे पप्पू गिरधारी के खिलाफ अब जांच एजेंसियां पुराने मामलों और नए आरोपों की कड़ियों को भी जोड़ पाएंगी, या यह मामला भी आरोप-प्रत्यारोप और कानूनी पेचीदगियों में उलझकर रह जाएगा?
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






