सीएम योगी 50 हजार छात्रों को बांटेंगे टैबलेट राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर इस डेट को होगा कार्यक्रम
स्वामी विवेकानन्द युवा सशक्तीकरण योजना के तहत 15 नवंबर को लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल में सीएम योगी करीब 50 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट बांटेंगे। चार जिलों के छात्र शामिल होंगे।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार एक बार फिर से छात्र-छात्राओं को टैबलेट बांटने जा रही है। ये टैबलेट वितरण स्वामी विवेकानन्द युवा सशक्तीकरण योजना के तहत किया जायेगा। इस चरण के टैबलेट वितरण अभियान की शुरुआत 15 नवंबर को लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल से होगी। मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम में करीब 50 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित करेंगे। सरकार का उद्देश्य युवाओं को तकनीक आधारित शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
इन जिलों के विद्यार्थी होंगे शामिल
लखनऊ में होने वाले इस कार्यक्रम में लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव जनपदों के विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। अनुमान है कि करीब 50 हजार छात्र-छात्राएं इसमें शामिल होंगे।
60 लाख से ज्यादा डिवाइस बंट चुके
प्रदेश सरकार ने युवाओं को डिजिटल संसाधनों से जोड़ने के लिए वर्ष 2021-22 में यह योजना शुरू की थी। 25 दिसंबर 2021 को लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में इसका शुभारंभ हुआ था। तब से लेकर अब तक प्रदेश के विद्यार्थियों को करीब 60 लाख टैबलेट और स्मार्टफोन वितरित किए जा चुके हैं। अब वर्ष 2026-27 में 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट की आपूर्ति जनपदों को शुरू कर दी गई है, जिससे लाखों और विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा से जुड़ने का मौका मिलेगा। यह पहल मुख्यमंत्री के उस विजन को आगे बढ़ाती है, जिसमें युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने पर जोर है।
किन्हें मिलता है योजना का लाभ
योजना का लाभ विभिन्न विभागों से संबद्ध विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों के पात्र विद्यार्थियों को दिया जा रहा है। इनमें उच्च शिक्षा, प्राविधिक शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास, चिकित्सा शिक्षा, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान, एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, पशुधन और संस्कृति विभाग के संस्थान शामिल हैं। प्रदेश के केंद्रीय विश्वविद्यालयों के छात्र भी इसके दायरे में हैं। योजना की खास बात यह है कि, पात्र विद्यार्थियों के लिए कोई आय या आयु सीमा तय नहीं है।
21 नवंबर को लखनऊ में होंगे पीएम मोदी
इधर, 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में कौशल दीक्षांत समारोह में अंतरराष्ट्रीय कौशल प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित करेंगे। इसके चलते इंदिरा प्रतिष्ठान में 20, 21 और 22 नवंबर की बुकिंग रद्द कर दी गई है।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






