दीपोत्सव समापन पर सीएम योगी का विपक्ष पर प्रहार- 'मंथरा और मारीच रच रहे साजिश'
दीपोत्सव-2026 के समापन पर सीएम योगी ने विपक्ष पर साधा निशाना, कहा- कोप भवन में बैठे मंथरा और मारीच देश को अस्त-व्यस्त करने की साजिश रच रहे। बेटी-बहन की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को दी चेतावनी।
अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अयोध्या धाम में दीपोत्सव-2026 के समापन समारोह में विपक्ष पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि चुनौती कितनी भी कठिन हो और सामने कितना भी बड़ा सागर क्यों न हो, जब नीयत साफ हो, नीति स्पष्ट हो और जनता के प्रति प्रतिबद्धता में संकल्प छिपा हो, तो दुनिया की कोई ताकत विजय पाने से नहीं रोक सकती। उन्होंने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विरासत, विकास और लोककल्याणकारी योजनाओं के सहारे आत्मनिर्भर और विकसित भारत की ओर बढ़ रहा है, तो दूसरी तरफ कोप भवन में बैठे मंथरा और मारीच नक्सलवाद, आतंकवाद और अराजकता फैलाकर भारत को अस्त-व्यस्त करने की साजिशें रच रहे हैं।
जय श्रीराम पर रोक लगाने वाले आज दर्शन का सपना देख रहे
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दीपोत्सव रामभक्तों के लिए संदेश है। राम की पैड़ी पर जगमगाते लाखों दीप सिर्फ उत्सव की भव्यता नहीं, बल्कि रामभक्तों के संकल्प, आस्था और बदलते भारत की तस्वीर हैं। उन्होंने याद दिलाया कि ठीक 36 साल पहले इसी सरयू का जल रामभक्तों के रक्त से लाल हुआ था। जिन्होंने अयोध्या को रक्तरंजित किया, राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए और मंदिर निर्माण में अड़चनें डालीं, वे आज फिर सिर उठाने की कोशिश कर रहे हैं। जो कभी कहते थे कि अयोध्या में परिंदा भी पर नहीं मार सकता और जय श्रीराम बोलने पर पाबंदी लगाते थे, वे आज राम मंदिर में दर्शन का सपना देख रहे हैं।
योगी ने कहा कि ऐसे लोगों को पहले रामभक्तों और संतों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए और अपने कृत्यों पर पश्चाताप करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारे राम करुणानिधान और भक्तवत्सल हैं, सब पर समान कृपा बरसाते हैं, लेकिन उन्हें पाने के लिए सहज और सरल होना पड़ता है। उन्होंने उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन का भी जिक्र किया, जिन्होंने सरयू आरती कर सभी को त्रेतायुग से जोड़ने का काम किया।
धरातल पर उतर रही रामराज्य की परिकल्पना
मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक और पौराणिक ग्रंथों में वर्णित रामराज्य की कल्पना आज मोदी के नेतृत्व में अक्षरशः साकार हो रही है। जब गरीब को मुफ्त अनाज मिलता है, युवा को रोजगार मिलता है, किसान की मेहनत को सम्मान मिलता है, श्रमिक को उचित मानदेय मिलता है और महिला बेखौफ अपने गंतव्य तक पहुंचती है, तब रामराज्य की परिकल्पना सच होती है। उन्होंने कहा कि रामभक्तों की सरकार सुरक्षा, सुशासन और समृद्धि के जरिए हर व्यक्ति के जीवन में बदलाव ला रही है।
सोलर सिटी के रूप में नई पहचान बना रही अयोध्या
योगी ने सवाल उठाया कि क्या दस साल पहले कोई कल्पना कर सकता था कि अयोध्या में इतना भव्य दीपोत्सव होगा, या प्रदेश में ऐसा माहौल होगा कि देर रात भी बेटी-बहन बेखौफ घर लौट सके। उन्होंने कहा कि जिन्होंने अयोध्या को बुनियादी सुविधाओं के लिए तरसाया, वहां बिजली सीमित थी, सफाई नहीं थी और गलियां संकरी थीं। रामलला टेंट में थे और श्रद्धालुओं को कई किलोमीटर संकरे रास्तों से गुजरना पड़ता था।
आज मंदिर तक पहुंचने के लिए फोरलेन मार्ग हैं, महर्षि वाल्मीकि के नाम पर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट है, रामपथ, श्रीराम जन्मभूमि पथ, भक्ति पथ और धर्मपथ का विस्तार हुआ है। रेलवे स्टेशन का विकास हुआ है और वंदे भारत व अमृत भारत जैसी ट्रेनें चल रही हैं। अयोध्या सोलर सिटी के रूप में नई पहचान बना रही है।
'विकसित भारत का संकल्प 2047' के लिए होना होगा एकजुट
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपोत्सव का प्रकाश केवल अयोध्या तक सीमित नहीं, यह प्रदेश के गांव-गांव तक सुरक्षा, सुशासन और समृद्धि का भरोसा पहुंचा रहा है। अब अयोध्या में जय श्रीराम बोलने पर कोई रोक नहीं लगा सकता, प्रदेश में पूजा के अधिकार का हनन नहीं हो सकता और दंगे का दुस्साहस भी कोई नहीं करेगा। बेटी-बहन की सुरक्षा में सेंध लगाने वाले रावण जैसी दुर्गति के लिए तैयार रहें।
उन्होंने जाति, संप्रदाय, क्षेत्र और भाषा के नाम पर समाज को बांटने वालों को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग एकता तोड़ना चाहते हैं, लेकिन इसका जवाब श्रीराम का आदर्श चरित्र है, जहां हर वर्ग को सम्मान, हर व्यक्ति को समृद्धि का रास्ता और हर नागरिक को सुरक्षा का भरोसा है। विकसित भारत का संकल्प 2047 तक पूरा करने के लिए सबको एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा।
25 हजार दीपों से 36 लाख दीपों तक का सफर
दीपोत्सव की यात्रा और प्रदेश की आर्थिक प्रगति का जिक्र करते हुए योगी ने कहा कि 2017 के पहले दीपोत्सव में केवल 25 हजार दीप जले थे। तब प्रदेश की अर्थव्यवस्था बदहाल थी और कर्मचारियों को वेतन देने तक के पैसे नहीं थे। पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि उनके लोगों ने सिंडिकेट बनाकर सरकारी धन लूटा और विदेशों में संपत्तियां खरीदीं।
उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे दीप बढ़े, वैसे-वैसे प्रदेश की समृद्धि भी बढ़ी। अर्थव्यवस्था 12 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है और इस साल अयोध्या में 36 लाख दीप जल रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज यूपी का बजट देश के सभी राज्यों में सबसे बड़ा है और यह उपलब्धि नौ वर्षों में हासिल हुई है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, अयोध्या के पूज्य संत-महात्मा और बड़ी संख्या में रामभक्त व श्रद्धालु उपस्थित रहे।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं








