बिस्मिल्लाह खान के पैतृक घर पर बुलडोजर कार्रवाई पर भड़के अखिलेश यादव, बोले- भारत की विरासत का अपमान
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारत रत्न से सम्मानित शहनाई वादक उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के पैतृक मकान को लेकर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है।
वाराणसी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारत रत्न से सम्मानित शहनाई वादक उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के पैतृक मकान को लेकर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बिस्मिल्लाह खान के शहनाई वादन का वीडियो साझा करते हुए उनके पैतृक घर से जुड़ी ध्वस्तीकरण कार्रवाई पर नाराजगी जताई है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि वाराणसी के दालमंडी इलाके में चल रही बुलडोजर कार्रवाई के दौरान उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के तीन मंजिला पैतृक मकान का भी एक हिस्सा प्रभावित हुआ है। उन्होंने बीजेपी सरकार पर कला, कलाकारों और देश की सांस्कृतिक विरासत की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
'भारत रत्न की विरासत को ध्वस्त करना देश के सम्मान को ठेस पहुंचाना'
अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में लिखा कि जिनके नाम के आगे भारत रत्न लगा हो, उनकी साझा सांस्कृतिक विरासत को ध्वस्त करना उनके मान-सम्मान के साथ-साथ देश के सम्मान को भी ठेस पहुंचाने जैसा है। उन्होंने बीजेपी और उसके सहयोगियों पर कला और कलाकारों के प्रति संकीर्ण सोच रखने का आरोप लगाया। अखिलेश के मुताबिक, कला समाज में संवेदनशीलता और सहिष्णुता पैदा करती है, लेकिन कुछ लोग रचनात्मकता को अपने राजनीतिक एजेंडे के रास्ते में बाधा मानते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "जिनके लिए शहनाई नहीं बजी, उनसे और क्या उम्मीद करना?"
दालमंडी में 180 मकान और 500 दुकानों पर कार्रवाई का दावा
अखिलेश यादव ने वाराणसी के दालमंडी इलाके में चल रहे ध्वस्तीकरण अभियान पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि इस इलाके में 180 से अधिक मकानों और 500 से ज्यादा दुकानों को ध्वस्त किया गया है। उन्होंने कहा कि अगर वाराणसी में समाजवादी पार्टी की योजना के मुताबिक पहले ही मेट्रो का निर्माण हो गया होता, तो स्थानीय निवासियों और व्यापारियों को इस तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।
सरकार बनने पर बनेगा 'श्रवण संग्रहालय'
अखिलेश यादव ने उस्ताद बिस्मिल्लाह खान की संगीत विरासत को संरक्षित करने के लिए अपनी पार्टी की भविष्य की योजना भी बताई। उन्होंने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है, तो शहनाई के महान कलाकार की सांगीतिक धरोहर को बचाने के लिए 'श्रवण संग्रहालय' बनाया जाएगा। इस संग्रहालय के जरिए उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के संगीत, उनकी कला और भारतीय सांस्कृतिक विरासत में उनके योगदान को संरक्षित करने की बात कही गई है।
ध्वस्तीकरण को लेकर गरमाई सियासत
उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के पैतृक मकान से जुड़ा मामला अब राजनीतिक बहस का मुद्दा बन गया है। एक तरफ अखिलेश यादव ने इसे सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण से जोड़ते हुए बीजेपी सरकार को घेरा है, वहीं दालमंडी में चल रही कार्रवाई को लेकर भी राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। अब इस पूरे मामले में प्रशासन की ओर से मकान के ध्वस्तीकरण और उसकी ऐतिहासिक विरासत को लेकर क्या स्थिति स्पष्ट की जाती है, इस पर नजर रहेगी।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं







