बरेलीः जहरीली मिट्टी को फिर से उपजाऊ बनाने की तैयारी, गेंदा और सरसों के पौधों पर होगा शोध
खेतों की मिट्टी में बढ़ते प्रदूषण को कम करने के लिए अब फूलों और सरसों के पौधों की मदद ली जाएगी। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय के पादप विज्ञान विभाग के सह-प्रोफेसर डॉ. विजय कुमार सिन्हाल को इस विषय पर उत्तर प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद की ओर से महत्वपूर्ण शोध परियोजना मिली है।
बरेली। खेतों की मिट्टी में बढ़ते प्रदूषण को कम करने के लिए अब फूलों और सरसों के पौधों की मदद ली जाएगी। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय के पादप विज्ञान विभाग के सह-प्रोफेसर डॉ. विजय कुमार सिन्हाल को इस विषय पर उत्तर प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद की ओर से महत्वपूर्ण शोध परियोजना मिली है। इस शोध में गेंदा और सरसों के पौधों के जरिए मिट्टी में मौजूद जिंक और सीसा जैसे हानिकारक तत्वों को कम करने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। इसके लिए नैनोपार्टिकल और बायोचार की भी मदद ली जाएगी।
दरअसल, फैक्ट्रियों से निकलने वाले प्रदूषण, ई-कचरे और रासायनिक पदार्थों के इस्तेमाल से कई जगहों की मिट्टी खराब हो रही है। इसका असर खेती और उसमें उगने वाली फसलों पर भी पड़ता है। ऐसे में शोध के जरिए यह पता लगाया जाएगा कि पौधों की मदद से ऐसी जमीन को दोबारा खेती के लायक बनाने में कितनी मदद मिल सकती है।
वही यह शोध प्रदूषित भू-भागों के कायाकल्प में एक नई दिशा दिखाएगा और समाज को एक स्वस्थ, हरित व सुरक्षित भविष्य प्रदान करने में मददगार साबित होगा। शोध कार्य में प्रोफेसर संजय कुमार गर्ग, प्रोफेसर आलोक श्रीवास्तव और प्रोफ़ेसर जे एन मौर्य महत्तवपूर्ण योगदान देंगे ।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






