देशभक्ति के रंग में रंगा मदर्स पब्लिक स्कूल, श्रुति गंगवार बोलीं- बड़ा सोचिए, मेहनत कीजिए, कामयाबी कदम चूमेगी
देशप्रेम की भावना जब बच्चों के सुरों से अभिव्यक्त हुई तो गीत महज प्रस्तुति नहीं रहे, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान और अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ाव का माध्यम बन गए। किसी ने अपनी आवाज में देश की गौरवगाथा सुनाई तो किसी ने भावपूर्ण गायन से श्रोताओं को प्रभावित किया।
बरेली। देशप्रेम की भावना जब बच्चों के सुरों से अभिव्यक्त हुई तो गीत महज प्रस्तुति नहीं रहे, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान और अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ाव का माध्यम बन गए। किसी ने अपनी आवाज में देश की गौरवगाथा सुनाई तो किसी ने भावपूर्ण गायन से श्रोताओं को प्रभावित किया। अवसर था मदर्स पब्लिक स्कूल में मंगलवार को आयोजित अंतरविद्यालयी देशभक्ति गीत प्रतियोगिता का। इसमें शहर के 24 विद्यालयों के 240 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
इंडिपेंडेंट स्कूल्स एसोसिएशन (आईएसए), बरेली और मदर्स पब्लिक स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी गायन प्रतिभा के साथ मंच पर आत्मविश्वास और देशभक्ति की भावना का भी परिचय दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। शुरुआत मदर्स पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों की स्वागत गीत और नृत्य प्रस्तुति से हुई।
प्रतियोगिता में केवल गायन की गुणवत्ता ही नहीं, बल्कि सुर, लय, ताल, शब्दोच्चारण, वेशभूषा, भावाभिव्यक्ति और निर्धारित समय के भीतर प्रस्तुति देने की क्षमता को भी परखा गया। अलग-अलग विद्यालयों की टीमों ने अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को जीवंत बनाए रखा। प्रतियोगिता के परिणाम में बेदी इंटरनेशनल स्कूल ने पहला स्थान प्राप्त किया। सेक्रेड हार्ट्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल दूसरे और जीआरएम स्कूल, दोहरिया तीसरे स्थान पर रहा।
बड़ा सोचिए, मेहनत कीजिए, कामयाबी कदम चूमेगी: श्रुति गंगवार
मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि देशभक्ति केवल गीतों में ही नहीं, बल्कि हमारे विचारों, व्यवहार और कर्मों में भी दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन उनकी प्रतिभा को सामने लाने के साथ उन्हें अपनी जिम्मेदारियों और राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ने का काम करते हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि वो अपने जीवन में बड़े लक्ष्य तय करें, दिन-रात मेहनत करें, एक दिन कामयाबी उनके कदम जरूर चूमेगी। उन्होंने आईएसए और मदर्स पब्लिक स्कूल को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
इस दौरान आईएसए अध्यक्ष निर्भय बेनीवाल ने विद्यार्थियों की गायन प्रतिभा की प्रशंसा की। उन्होंने बच्चों को अपनी कला को निरंतर निखारने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय प्रबंधक राजेश यादव ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में शामिल सभी बच्चों ने उत्साह और सुंदर प्रस्तुतियों के माध्यम से देशभक्ति की भावना को व्यक्त किया। आईएसए कोषाध्यक्ष सौभाग्य चौधरी ने भी प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों की सराहना की। वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य आईएस चौहान ने कहा कि देश की संस्कृति, विरासत, महान परंपराओं और राष्ट्रीय गौरव से विद्यार्थियों को परिचित कराना जरूरी है। विद्यालय में आयोजित इस तरह की गतिविधियां बच्चों को इन मूल्यों से जोड़ने का काम करती हैं।
कार्यक्रम में आईएसए सचिव डॉ. अंकित बग्गा, कोषाध्यक्ष सौभाग्य चौधरी, रोहिलखंड विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. आशुतोष प्रिय, डॉ. मानसी यादव सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक और गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। निर्णायक मंडल में जयश्री मिश्रा, अनुपमा सक्सेना और सर्वेश पासवान शामिल रहे। समापन पर मदर्स पब्लिक स्कूल की ओर से अतिथियों, शिक्षकों और सहयोगियों का आभार जताया गया तथा अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं










