पीलीभीत: वोटर लिस्ट में गड़बड़ी पर चुनाव आयोग की बड़ी कार्रवाई, दो तत्कालीन SDM निलंबित...FIR में बढ़ेगी एक और धारा
उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में मतदाता सूची में अनियमितताओं के मामले में भारत निर्वाचन आयोग ने बड़ी कार्रवाई की है। आयोग ने पीलीभीत सदर विधानसभा क्षेत्र के तत्कालीन एसडीएम मयंक गोस्वामी और हेमंत चौधरी को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।
पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में मतदाता सूची में अनियमितताओं के मामले में भारत निर्वाचन आयोग ने बड़ी कार्रवाई की है। आयोग ने पीलीभीत सदर विधानसभा क्षेत्र के तत्कालीन एसडीएम मयंक गोस्वामी और हेमंत चौधरी को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही दोनों अधिकारियों और मतदाता पंजीकरण केंद्र (VRC) के कंप्यूटर ऑपरेटर अनिल कुमार के खिलाफ दर्ज एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 198 यानी कर्तव्य में लापरवाही की धारा भी जोड़ने को कहा गया है।
आयोग ने मामले में आगे की कार्रवाई के लिए प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा और मुख्य सचिव को निर्देश जारी किए हैं। इससे पहले शासन ने दोनों एसडीएम को प्रतीक्षारत कर दिया था और जिलाधिकारी आलोक कुमार ने उन्हें जिले से कार्यमुक्त कर दिया था।
आयोग ने दिए पांच बिंदुओं पर कार्रवाई के निर्देश
भारत निर्वाचन आयोग ने शनिवार को जारी पत्र में जिलाधिकारी की 23 अक्टूबर को भेजी गई जांच रिपोर्ट और मुख्य निर्वाचन अधिकारी के 24 अक्टूबर के पत्र का हवाला दिया है। रिपोर्ट का परीक्षण करने के बाद आयोग ने पांच बिंदुओं पर कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके तहत दोनों तत्कालीन निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) को तत्काल निलंबित करने और उनके आरोपपत्र जांच के लिए आयोग को भेजने को कहा गया है। साथ ही आयोग की पूर्व अनुमति के बिना दोनों अधिकारियों को बहाल नहीं किया जा सकेगा। संबंधित न्यायालय में दर्ज मुकदमे की प्रभावी पैरवी करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
पांच सहायक निर्वाचन अधिकारियों की भूमिका भी जांच के घेरे में
मतदाता सूची में गड़बड़ी का मामला अब पांच सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) तक पहुंच गया है। जांच में करीब 150 बूथों पर मतदाता सूची में संशोधन की प्रक्रिया और पांच AERO की भूमिका संदिग्ध पाई गई है। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने इस संबंध में निर्वाचन आयोग को रिपोर्ट भेजी है। इन अधिकारियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई का फैसला आयोग स्तर पर लिया जाएगा।
13,779 ऑफलाइन फॉर्म की जांच में सामने आई गड़बड़ी
यह पूरा मामला पीलीभीत सदर विधानसभा क्षेत्र-127 की मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण से जुड़ा है। जांच में 31 मई से 28 अगस्त के बीच प्राप्त कुल 13,779 ऑफलाइन आवेदनों की प्रक्रिया में अनियमितताएं सामने आई थीं। इनमें से 10,470 फॉर्म स्वीकृत किए गए थे, जबकि 3,309 आवेदन निरस्त कर दिए गए थे। जांच के दौरान निरस्त आवेदनों के निस्तारण में निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किए जाने और जरूरी अभिलेख उपलब्ध नहीं होने की बात सामने आई।
22 अक्टूबर को दर्ज हुई थी FIR
मामले में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी कृष्ण कुमार कश्यप की तहरीर पर 22 अक्टूबर को कोतवाली नगर में तत्कालीन एसडीएम मयंक गोस्वामी, हेमंत चौधरी और वीआरसी कंप्यूटर ऑपरेटर अनिल कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी। आरोप है कि मतदाता सूची में संशोधन के दौरान निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं की अनदेखी की गई। वहीं, कंप्यूटर ऑपरेटर अनिल कुमार को पहले कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। जवाब की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी ने उसकी सेवा समाप्त करने की संस्तुति निर्वाचन आयोग को भेज दी है। फिलहाल मामले में विभागीय और कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ रही है। पांच एईआरओ की भूमिका की जांच के साथ ही मतदाता सूची में हुई अनियमितताओं के अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






