बरेलीः भोजीपुरा में दो लाख की लूट का खुलासा...मुठभेड़ में तीन बदमाश गिरफ्तार, एक आरोपी और सिपाही घायल
जीपुरा थाना पुलिस ने दो लाख रुपये की लूट की वारदात का खुलासा करते हुए मुठभेड़ के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि पुलिस का एक आरक्षी भी घायल हुआ है।
बरेली। भोजीपुरा थाना पुलिस ने दो लाख रुपये की लूट की वारदात का खुलासा करते हुए मुठभेड़ के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि पुलिस का एक आरक्षी भी घायल हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की पूरी रकम, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और अवैध हथियार बरामद किए हैं।
सीओ हाईवे देवेश सिंह के मुताबिक, 30 अक्टूबर को ग्राम रतना चुन्नीलाल निवासी उवैश पुत्र खादिम अली अपने दोस्त मोनिश अली के साथ बैंक से दो लाख रुपये निकालकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान अलीनगर से खड़ंजे के रास्ते पर ट्यूबवेल के पास मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उन्हें रोक लिया और गिराकर बैग में रखे दो लाख रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी लाडपुर की ओर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर भोजीपुरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम 31 अक्टूबर को मनहेरा पुलिया के पास संदिग्धों की तलाश में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एहसान अली पुत्र जाकिर अली निवासी खजुरिया खुर्द, थाना खजुरिया, रामपुर के दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने एहसान के साथ विनीत गंगवार पुत्र महिपाल गंगवार निवासी सराय, थाना शीशगढ़ और मोनिश अली पुत्र छोटे शाह निवासी रतना चुन्नीलाल, भोजीपुरा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने घायल आरोपी एहसान के पास से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और लूट की एक लाख रुपये की रकम बरामद की। वहीं, विनीत और मोनिश के कब्जे से 50-50 हजार रुपये और मोबाइल फोन मिले। वारदात में इस्तेमाल स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।
मुठभेड़ के दौरान आरक्षी अंकित कुमार के बाएं बाजू में गोली की रगड़ लगने से चोट आई। घायल आरोपी और आरक्षी को उपचार के लिए सीएचसी भोजीपुरा भेजा गया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






