उन्नाव में BJP को झटका, यूजीसी और उपेक्षा से नाराज इस बड़े नेता ने छोड़ी पार्टी
उन्नाव में सेना से रिटायर्ड कैप्टन राहुल तिवारी ने यूजीसी और पार्टी में उपेक्षा से नाराज होकर भाजपा छोड़ दी। सूत्रों के मुताबिक, वे जल्द दूसरे दल में जा सकते हैं।
उन्नाव। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले उन्नाव जिले में सत्तारूढ़ भाजपा को झटका लगा है। थलसेना से रिटायर्ड कैप्टन राहुल तिवारी ने यूजीसी के मुद्दे और पार्टी में लगातार उपेक्षा से नाराज होकर भाजपा छोड़ दी है। वे करीब चार साल से पार्टी के सक्रिय सदस्य थे। उनका परिवार जनसंघ के दौर से पार्टी से जुड़ा रहा है।
प्रेस कांफ्रेंस कर किया इस्तीफे का ऐलान
सूत्रों के मुताबिक, कैप्टन जल्द ही अपने समर्थकों के साथ किसी दूसरे दल में शामिल हो सकते हैं। वे किस पार्टी में जाएंगे, यह अभी साफ नहीं है। उन्नाव में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उन्होंने इस्तीफे का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि इस्तीफा लिखकर प्रदेश अध्यक्ष को स्पीड पोस्ट कर दिया है।
अग्निवीर योजना पर उठाए सवाल
राहुल तिवारी का कहना है कि, सरकार की नीतियों से जनता में असंतोष बढ़ रहा है, लेकिन सरकार पर कोई असर नहीं दिख रहा। उन्होंने बेरोजगारी और संस्थानों के निजीकरण का मुद्दा भी उठाया।
अग्निवीर योजना पर उन्होंने कहा कि भर्ती हुए युवा चार साल बाद नौकरी को लेकर डरे हुए हैं, इसलिए वे एक सैनिक की तरह काम नहीं कर पा रहे। उन्होंने सवाल किया कि चार साल की ट्रेनिंग के बाद बेरोजगार हुए युवा आगे क्या करेंगे। क्या यह देश के लिए खतरा नहीं है। चुनाव करीब आने पर अग्निवीरों को दो साल का एक्सटेंशन देने की बात पर भी उन्होंने सवाल उठाए।
कई मुद्दों पर जताई नाराजगी
कैप्टन ने कहा कि यूजीसी, बेरोजगारी, महंगाई, निजीकरण और अग्निवीर जैसे कई मुद्दे अब बर्दाश्त से बाहर हो गए हैं। लोगों की समस्याएं सुनकर उन्हें लगा कि जब वे उनके लिए कुछ कर ही नहीं सकते, तो पार्टी में रहने का क्या मतलब। उन्होंने कहा कि वे अब तक समर्थकों से इसी दल में जुड़े रहने की अपील करते रहे थे।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






