बरेलीः धनतेरस और दीपावली पर तीन दिन बदली रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था
धनतेरस और दीपावली पर बाजारों में खरीदारी के लिए उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। 6 से 8 नवंबर तक रोजाना दोपहर 2 बजे से रात 1 बजे तक डायवर्जन लागू रहेगा।
बरेली। धनतेरस और दीपावली पर बाजारों में खरीदारी के लिए उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। 6 से 8 नवंबर तक रोजाना दोपहर 2 बजे से रात 1 बजे तक डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान ई-रिक्शा, ऑटो, तीन पहिया और चार पहिया वाहनों को शहर के प्रमुख बाजारों की ओर जाने से रोका जाएगा। वहीं, भारी वाहनों के लिए भी अलग रास्ते तय किए गए हैं। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, श्यामगंज से शहदाना और साहू गोपीनाथ की ओर ई-रिक्शा, ऑटो और कारों की आवाजाही बंद रहेगी।
बरेली कॉलेज के पश्चिमी गेट से सिकलापुर, पुराना रोडवेज और नॉवेल्टी की तरफ भी इन वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी। सिकलापुर, खलील तिराहा, कुतुबखाना, किला क्रॉसिंग और पटेल चौक से बड़ा बाजार की ओर भी वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित रहेगी। इसके अलावा सूद धर्मकांटा, कुहाड़ापीर और अशोक नगर तिराहे से भी बाजार की ओर जाने वाले वाहनों को रोका जाएगा। चौपला चौराहे से खलील तिराहा और कुतुबखाना की तरफ भी वाहन नहीं जा सकेंगे।
भारी वाहनों के लिए भी बदले रास्ते
परसाखेड़ा रोड नंबर एक, विलयधाम, लालपुर कट, ट्रांसपोर्टनगर, सैटेलाइट तिराहा, बुखारा मोड़ और रामगंगा तिराहे से शहर की ओर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। दिल्ली, रामपुर, नैनीताल और पीलीभीत की तरफ से आने वाले भारी वाहन तय किए गए वैकल्पिक रास्तों से गुजरेंगे।
दो जगह होगी पार्किंग की व्यवस्था
बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों के वाहनों की पार्किंग जीआईसी कॉलेज मैदान और बिशप इंटर कॉलेज मैदान में कराई जाएगी। एसपी ट्रैफिक अकमल खान के मुताबिक, त्योहारों पर बाजारों में भीड़ को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है। लोगों से अपील है कि वे निर्धारित पार्किंग में ही वाहन खड़े करें और डायवर्जन का पालन करें, ताकि जाम की स्थिति न बने।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






